राजनांदगांव , जनवरी 20 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिला स्वास्थ्य समिति राजनांदगांव एवं बालको मेडिकल सेंटर, नया रायपुर के संयुक्त तत्वाधान में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय पेण्ड्री, राजनांदगांव में सुरक्षा चक्र के अंतर्गत नि:शुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 19 से 25 जनवरी 2026 तक प्रतिदिन सुबह 10.30 बजे से शाम चार बजे तक संचालित हो रहा है ।

मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार कैंसर जांच शिविर के पहले दिन कैंसर रोग विशेषज्ञों द्वारा कुल 354 नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। इस दौरान 56 महिलाओं की पैप स्मीयर जांच एवं 34 महिलाओं की मैमोग्राफी स्क्रीनिंग की गई।

शिविर में अत्याधुनिक मैमोग्राफी मशीन, मुख कैंसर परीक्षण (ब्रश साइटोलॉजी), स्त्री रोग संबंधी जांच (पैप स्मीयर) सहित विभिन्न प्रकार की नि:शुल्क कैंसर जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविर में कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेन्द्र प्रसाद पटेल, डॉ. पलक अग्रवाल, डॉ. दिवाकर पाण्डेय, डॉ. मीना आर्मो एवं डॉ. सुनीता मेश्राम सहित अन्य चिकित्सकों द्वारा सेवाएं दी जा रही हैं।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा आम नागरिकों को स्तन में गांठ, मुंह में घाव या बदलाव, आवाज में भारीपन, निगलने में कठिनाई, लगातार खांसी, बिना कारण वजन कम होना, त्वचा में परिवर्तन, मासिक धर्म चक्र में बदलाव, पेट के निचले हिस्से में दर्द, खून की कमी, बार-बार संक्रमण जैसे लक्षणों को कैंसर की प्रारंभिक चेतावनी मानते हुए समय पर जांच कराने की अपील की गई है।

शिविर में उपस्थित नागरिकों को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन के संबंध में भी जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है तथा एचपीवी वैक्सीन नौ किशोरियों से लेकर 45 वर्ष की महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर एवं यौन संचारित संक्रमणों से सुरक्षा प्रदान करती है।

शिविर से संबंधित अधिक जानकारी के लिए नागरिक मोबाइल नंबर 9098118682 एवं 8282824444 पर संपर्क कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित