हरिद्वार, फ़रवरी 08 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के शारदीय कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को रविवार को अंतिम रूप दे दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशों के क्रम में नोडल अधिकारी शारदीय कांवड़ मेला एवं एसपी सिटी अभय कुमार द्वारा कमलदास कुटिया में मेला ड्यूटी में तैनात समस्त पुलिस बल को ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

एसपी सिटी ने बताया कि सम्पूर्ण मेला क्षेत्र को 09 जोन एवं 19 सेक्टर में विभाजित कर प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को स्पष्ट जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कांवड़ियों की सुरक्षा व सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

ब्रीफिंग के दौरान पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी कांवड़िये के घायल या बीमार होने की स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। हरकी पैड़ी एवं आसपास के पुलों पर विशेष सतर्कता बरतते हुए अतिक्रमण न होने देने और नदी में छलांग लगाने जैसी घटनाओं को सख्ती से रोकने के निर्देश दिए गए।

भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए तैयार यातायात योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया, ताकि हाईवे सहित प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। सुरक्षा के दृष्टिगत डाक कांवड़ वाहनों में डीजे बाहर रखने पर प्रतिबंध रहेगा तथा कांवड़ की ऊंचाई 12 फुट से अधिक नहीं होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित