शामली , दिसंबर 30 -- उत्तर प्रदेश के शामली में जिला कारागार की भूमि के मुआवजे को लेकर मंगलवार को किसानों ने जिला स्तरीय समिति की बैठक में अपना पक्ष रखा तथा इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए निर्देश के अनुसार अधिग्रहित भूमि का सर्किल रेट 80 लाख रुपये प्रति हैक्टेयर दिए जाने की मांग की।

जानकारी के अनुसार शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन कस्बा बनत में जिला कारागार के लिए भूमि का अधिग्रहण कर रहा है जिसके लिए 70 लाख रुपये प्रति हैक्टेयर के हिसाब से किसानों को भुगतान किया गया लेकिन अब कारागार की भूमि अधिग्रहण के लिए सर्किल रेट 80 लाख रुपये प्रति हैक्टेयर का नोटिफिकेशन जारी किया गया है।

किसानों का आरोप है कि जिला प्रशासन पुराने सर्किल रेट के आधार पर ही किसानों को भुगतान कर रहा है जिसका किसान समय-समय पर विरोध कर रहे हैं। कुछ किसानों ने जिला कारागार के लिए अपनी भूमि का अधिग्रहण करने से इंकार कर दिया तथा हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी। मामले की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने जिला प्रशासन को भूमि अधिग्रहण 2013 के अनुसार करने के निर्देश जारी किए। इसी को लेकर मंगलवार को किसान जिला स्तरीय समिति की बैठक में शामिल हुए तथा अपना पक्ष रखा। बैठक में मौजूद एडीएम सत्येन्द्र सिंह ने किसानों की बात को सुना तथा उचित निर्णय लेने का आश्वसान दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित