शामली , दिसंबर 22 -- उत्तर प्रदेश में शामली जिले के थाना कांधला के गढी दौलत में पत्नी व दो बेटियों के हत्यारोपी को हथियार उपलब्ध कराने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि क्षेत्र के गांव गढी दौलत में करीब एक सप्ताह पूर्व फारूक ने अपनी पत्नी तायरा, 14 वर्षीय बेटी आफरीन की गोली मारकर व सात वर्षीय बेटी सहरीन की गला दबाकर हत्या करने के बाद उसे घर में खुदवाए गए गड्ढे में दफना दिया था। घटना का खुलासा उस समय हुआ था जब गांव प्रधान पति राशिद ने कांधला पुलिस को सूचना देकर तायरा व दो बच्चियों के गायब होने की आशंका जतायी थी जिसके बाद पुलिस ने फारूक को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की थी तो उसने हत्या करना स्वीकार किया था। पुलिस ने हत्यारोपित के कब्जे से तीन तमंचे, खोखे व कारतूस भी बरामद किए थे।

पुलिस आरोपित को हथियार उपलब्ध कराने वाले की भी तलाश में जुट गयी थी। सोमवार को कांधला पुलिस ने आरोपित फारूक को हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी मुबारिक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा व कारतूस भी बरामद किए हैं।

गौरतलब है कि कांधला के गढी दौलत में पत्नी के बुर्का न पहनने से क्षुब्ध होकर फारूक ने हत्याकांड को अंजाम दिया था। पहले उसने पत्नी को गोली मारी, उसके बाद अपनी बडी बेटी तथा फिर छोटी बेटी की हत्या की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित