शामली , फरवरी 03 -- उत्तर प्रदेश के शामली जिले में छात्र अरशद उर्फ असद की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू और एक बाइक बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने मंगलवार को बताया कि एक फरवरी को थाना कांधला क्षेत्र के गांव इस्सोपुर टील निवासी अरशद अपने साथी विराट के साथ बाइक से गांव के बाहर स्थित एक दुकान पर गया था। वहां पहले से मौजूद गांव के ही कार्तिक और हिमांशु ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपित फरार हो गए थे।

मृतक के पिता सलीम की तहरीर पर कार्तिक, हिमांशु, मिलन और विराट के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मंगलवार को मुख्य आरोपित कार्तिक और हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने पूर्व में हुई मारपीट की घटना से क्षुब्ध होकर हत्या करना स्वीकार किया है। मामले में अन्य वांछित आरोपितों की तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित