मुरैना , फरवरी 16 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में अपनी शादी से नाखुश एक युवती ने पति और ससुर की मौजूदगी में नहर में छलांग लगा दी।
एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू आपरेशन चलाकर करीब बारह घंटे से नहर में उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम गोदौली निवासी ध्रुव रावत की पत्नी सुमन अपनी शादी से खुश नहीं थी। दो साल पहले हुई शादी के बाद से ही वह अधिकांश समय से अपने मायके में रह रही थी। सामाजिक पंचायत के जरिए सुमन चार दिन ही पूर्व ससुराल आई थी। भूत प्रेत के साए की आशंका के चलते उसका ससुर और पति कल उसे ग्राम कैमराकलां किसी देवता के वासस्थल पर ले गए थे। देर रात तीनों बाइक से लौट रहे थे, तभी बाबरी पूरा नहर की पुलिया आते ही अचानक सुमन ने अपनी चप्पल गिरने का बहाना बताकर बाइक रुकवाई।
पुलिस के अनुसार बाइक के रुकते ही युवती ने नहर में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। कल रात से ही एसडीआरएफ की टीम के जरिए रेस्क्यू आपरेशन चलाकर नहर में उसकी तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित