रायसेन , फरवरी 06 -- मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में एक शादी समारोह में हुए हर्ष फायर में चार लोग घायल हो गए।
कल देर रात लगभग साढ़े 11 बजे के इस मामले के बाद चारों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। गोलीबारी में घायलों की पहचान अतुल धाकड़, पवन चौरसिया, सौरभ भरतेले और अनिमेष कुशवाह के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बारात भोपाल से रायसेन के निजी गार्डन में आई थी। बारात में किए जा रहे हर्ष फायर में ही चारों युवक घायल हुए हैं, जिनमें दो कैमरामेन शामिल हैं। पवन चौरसिया और सौरभ भरतेले दोनों भोपाल से बारात के साथ शादी की वीडियो शूटिंग करने रायसेन आये थे।
बताया जा रहा है कि नगर के भगवती गार्डन में जाटव परिवार के दूल्हे मोहित और दुल्हन पल्लवी का शादी समारोह था।
जिला अस्पताल के सर्जन डॉ अभिषेक सागर ने बताया कि एक युवक को भोपाल रेफर किया गया है। बाकी की हालत ठीक है, उनका इलाज किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित