सिवनी , अप्रैल 24 -- मध्यप्रदेश में सिवनी जिले के घंसौर विकासखंड अंतर्गत किंदरई थाना क्षेत्र के ग्राम बरेली में शादी समारोह के दौरान विवाद के बाद गोली चलने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार घंसौर क्षेत्र के मोहगांव निवासी कपिल परते बारात में नाच रहा था। इसी दौरान उसके पास रखा देशी कट्टा नीचे गिर गया। इस पर बरेली निवासी अच्छेलाल ने सार्वजनिक कार्यक्रम में हथियार लाने पर आपत्ति जताई, जिससे दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर कपिल परते ने कट्टा छीनकर अच्छेलाल पर फायर कर दिया। गोली उसके सिर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल घंसौर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मुख्य आरोपी फरार हो चुका था। किंदरई थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह राजपूत के अनुसार पुलिस ने घेराबंदी कर सह-आरोपी शिवा उर्फ क्षितिज कुरसराम (निवासी जबलपुर) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी कपिल परते की तलाश जारी है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित