सिवनी , मई 08 -- मध्यप्रदेश के सिवनी जिले की कांहीवाड़ा थाना पुलिस ने शादी समारोह में महिला से लूट की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 818 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 28 मार्च 2026 को डूंडासिवनी चौक निवासी सुमंत्रा भावरे अपने मायके में रिश्तेदार की शादी में शामिल होने फूटाताल, कांहीवाड़ा गई थीं। रात में शादी समारोह के दौरान अज्ञात व्यक्ति ने उनका मुंह दबाकर गला पकड़ लिया और गले से मंगलसूत्र छीन लिया। आरोपी ने मारपीट करते हुए महिला की कमर में पहनी चांदी की करदौना और पैरों की पायल भी लूट ली थी। घटना में महिला घायल हो गई थी।
थाना प्रभारी संतोष पन्द्रे ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ग्राम चिरचिरा निवासी संतोष उइके को पांच मई को सिवनी से गिरफ्तार किया। आरोपी द्वारा देशलहरा ज्वेलर्स में गिरवी रखे गए चांदी के जेवर भी बरामद कर लिए गए।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 545 ग्राम चांदी की करदौना और 273 ग्राम चांदी की पायल सहित कुल 818 ग्राम चांदी के जेवर जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग एक लाख 65 हजार रुपए बताई गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित