भरतपुर , जनवरी 22 -- राजस्थान में धौलपुर के सरमथुरा थाना क्षेत्र में इस्लामपुरा में पुत्री की शादी के बाद बुधवार देर रात एक घर में लगी भीषण आग से 10 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हो गया।
दमकल सूत्रों ने बताया कि आग लगने के समय पीड़ित जम्मो के घर में एक दिव्यांग बुजुर्ग महिला और उनकी बहू मौजूद थीं। रिश्तेदारों के लिए खाने की तैयारी चल रही थी, तभी आग लगने से अफरा-तफरी मच गयी। आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर दमकल को बुलाया गया।
सूत्रों ने बताया कि दमकलकर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। आग से घर की पट्टियां भी टूट गयीं।
बताया गया कि आग से पीड़ित की पुत्री की शादी में न्यौते में आये 60 हजार की नकदी, करीब आठ लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और कई घरेलू उपयोग के सामान जल गये। घर की इमारत को भी भारी क्षति पहुंची है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित