कोरबा , फरवरी 20 -- छत्तीसगढ़ में कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में पदस्थ रहे पूर्व कृषि मंडी अधिकारी राहुल साहू को एक महिला का दैहिक शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आज यह जानकारी दी। महिला की शिकायत पर कटघोरा पुलिस ने आरोपी अधिकारी के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि जब राहुल साहू कटघोरा में पदस्थ थे, उस दौरान उन्होंने शादी का वादा कर उसके साथ पिछले एक वर्ष से शारीरिक संबंध बनाए। महिला का आरोप है कि इसी माह दोनों की शादी होने वाली थी, लेकिन ऐन वक्त पर अधिकारी ने शादी से इंकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कटघोरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रायगढ़ जिले के घरघोड़ा स्थित उसके निवास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित