बैतूल , अप्रैल 05 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में शादी का झांसा देकर महिला के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को सारणी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में महिला संबंधी अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना सारणी पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की।
फरियादिया ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पाथाखेड़ा निवासी आरोपी रोहित सूर्यवंशी ने बच्चों के पालन-पोषण का लालच देकर और शादी का झांसा देकर वर्ष 2022 से उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से इंकार कर दिया।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी रोहित सूर्यवंशी (31) निवासी जेरी चौक, शोभापुर पाथाखेड़ा थाना सारणी को 4 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी को 5 अप्रैल को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल बैतूल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना सारणी पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि महिला एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले किसी भी अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित