भोपाल , अप्रैल 12 -- भोपाल के हबीबगंज थाना पुलिस ने मोबाइल लूट की घटनाओं का खुलासा करते हुए शातिर लुटेरों के गिरोह को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 4.70 लाख रुपये कीमत के पांच आईफोन मोबाइल बरामद किए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर की गई। टीम ने करीब एक सैकड़ा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
घटना 7 अप्रैल की रात की है, जब फरियादी अनुज चौकसे हबीबगंज के 10 नंबर मार्केट क्षेत्र में खड़े होकर मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार दो बदमाश उसका आईफोन छीनकर फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिन्होंने पूछताछ में बताया कि उन्होंने त्वरित पैसे कमाने के उद्देश्य से लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने लूटे गए मोबाइल अपने साथियों को बेच दिए थे, जिन्हें भी पुलिस ने पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अयान खान, मोहम्मद मुशरर्फ, फिरोज खान तथा मोबाइल खरीदने वाले अकबर उर्फ उजेफ खान और अयान अली शामिल हैं। आरोपियों ने हबीबगंज, पिपलानी और एम.पी.नगर क्षेत्रों में मोबाइल लूट की घटनाएं करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। कार्रवाई में हबीबगंज थाना पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित