हरिद्वार , मार्च 26 -- उत्तराखंड में कोतवाली मंगलौर पुलिस ने ग्राम नगला कोयल में हुई चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते रोज सुबह ग्राम नगला कोयल में अज्ञात चोर द्वारा घर की पिछली दीवार तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। चौकी प्रभारी नारसन उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार सुरागरसी में जुटी रही।
इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नगला कोयल-नारसन चकरोड़ स्थित समाधि के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने लालच में आकर अपने ही गांव के एक घर में चोरी करना स्वीकार कर लिया। वह चोरी का सामान बेचने के लिए पुरकाजी की ओर जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया। बरामदगी में सोने की बाली, गोल्ड प्लेटेड झुमके, अंगूठियां, हार, मंगलसूत्र, चांदी की पाजेब व बिछुवे, 2,530 रुपये नकद, करीब 15 किलो गेहूं तथा आधार कार्ड की छायाप्रति शामिल है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सादिक पुत्र दिलशाद, निवासी ग्राम नगला कोयल, कोतवाली मंगलौर, जनपद हरिद्वार (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित