हैदराबाद , फरवरी 10 -- तेलंगाना के सिंचाई एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी ने मंगलवार को कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार शहरी स्थानीय निकायों की मूलभूत सामुदायिक जरूरतों को प्राथमिकता देगी।

श्री रेड्डी ने बुधवार को होने वाले नगर निकाय चुनावों के लिए एक सप्ताह तक चले अपने व्यापक प्रचार अभियान का समापन किया। इस दौरान उन्होंने सूर्यापेट जिले और निजामाबाद संसदीय क्षेत्र के विभिन्न शहरी निकायों का दौरा किया। निजामाबाद, आर्मूर, कोरुतला, मेटपल्ली, सूर्यापेट, कोडाड, हुजूरनगर समेत कई नगरों में रैलियों, जनसभाओं और पार्टी बैठकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अब तेलंगाना की एक-तिहाई से अधिक आबादी शहरी क्षेत्रों में निवास करती है, इसलिए शहरी बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करना अनिवार्य है।

श्री रेड्डी ने आश्वासन दिया कि पेयजल आपूर्ति और शहरी आधारभूत संरचना जैसे मुद्दों को पर्याप्त बजटीय आवंटन के साथ प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं से चुनाव के बाद भी जनता के बीच सक्रिय और सुलभ रहने का आह्वान किया, ताकि वास्तविक समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने के लिए लाखों नए राशन कार्ड जारी किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि आंतरिक सर्वेक्षणों के अनुसार सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल को लेकर जनता में सकारात्मक रुझान है।

उन्होंने विश्वास जताया कि बहुकोणीय मुकाबले वाले नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस प्रमुख शहरी केंद्रों, विशेषकर निजामाबाद, में मजबूत प्रदर्शन करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित