मुंबई , जनवरी 23 -- महाराष्ट में कई नगर निगमों पर निर्विवाद प्रभुत्व स्थापित करने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अब अपना ध्यान जिला परिषदों और पंचायत समितियों की तरफ मोड़ दिया है।
ग्रामीण क्षेत्रों की इन स्थानीय स्वशासी संस्थाओं में पार्टी की संख्या मजबूत करने की रणनीति का संकेत देते हुए राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने शुक्रवार को कहा कि इन निकायों में नियुक्त (नामित) सदस्यों को शामिल किया जाएगा।
श्री बावनकुले के अनुसार, राज्य सरकार जिला परिषदों में प्रत्येक दस निर्वाचित सदस्यों पर एक नामित सदस्य और पंचायत समितियों में प्रत्येक पांच निर्वाचित सदस्यों पर एक नामित सदस्य नियुक्त करने पर विचार कर रही है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यदि आवश्यकता पड़ी तो इस व्यवस्था को लागू करने के लिए मौजूदा कानून में संशोधन भी किया जाएगा। हाल के नगर निगम चुनावों के जरिए भाजपा ने शहरी महाराष्ट्र में अपनी राजनीतिक पकड़ को मजबूत रूप से प्रदर्शित किया है। हालांकि, राज्य के ग्रामीण इलाकों में परंपरागत रूप से कांग्रेस और समान विचारधारा वाली पार्टियों का प्रभाव अधिक रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित