जालंधर , मार्च 13 -- पंजाब में जालंधर की पुलिस आयुक्त धनप्रीत कौर ने शुक्रवार को भरोसा दिलाया कि शहर में जनता की मांग को पूरा करने के लिए एलपीजी सिलेंडर, डीजल और पेट्रोल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है इसलिए लोगों को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
पुलिस आयुक्त ने शहर के विभिन्न एलपीजी और पेट्रोल पंप संघों के सदस्यों के साथ एक अहम बैठक की। इस बैठक में एलपीजी एसोसिएशन पंजाब की अध्यक्ष श्रीमती हरसिमरत कौर, जालंधर पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष सुखमोहन सिंह और पंजाब पेट्रोल पंप के प्रवक्ता मोंटी सहगल सहित करीब 20 एसोसिएशन अध्यक्ष और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। यह बैठक पेट्रोलियम पदार्थों, रसोई गैस सिलेंडर, डीजल और पेट्रोल के पर्याप्त स्टॉक की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आयोजित की गई थी।
पुलिस आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की है कि वे घबराहट में आकर खरीदारी न करें। आपूर्ति सुचारू रूप से हो रही है और स्टॉक की कोई कमी नहीं है। आयुक्तालय पुलिस स्टॉक पर पैनी नजर रख रही है ताकि आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि जो लोग जमाखोरी या कालाबाजारी में लिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होने कहा कि सक्षम अधिकारी की पुष्टि के बिना कमी के बारे में गलत जानकारी या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी पुलिस सख्त रुख अपनाएगी। उन्होंने गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंप मालिकों को निर्देश दिया है कि यदि उनके संज्ञान में जमाखोरी या कालाबाजारी का कोई मामला आता है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
पुलिस प्रशासन ने जनता को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है और सहयोग की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित