भोपाल शहडोल , फरवरी 09 -- मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के प्रवास के दौरान उनके खिलाफ नारेबाजी कर रहे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर पुलिस-प्रशासन की सख्ती को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज कहा कि अब वे स्वयं शहडोल जाकर शुद्ध पेयजल की मांग करेंगे।

डॉ यादव कल शहडोल जिले के प्रवास पर थे। इस दौरान कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुद्ध पेयजल के मामले को लेकर उनके खिलाफ नारेबाजी की। नारेबाजी कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस प्रशासन ने सख्ती करते हुए लाठीचार्ज किया। सोशल मीडिया पर इससे जुड़े कई वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, जिनमें स्वयं कलेक्टर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर सख्ती करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कल शहडोल में कांग्रेस के कार्यकर्ता शुद्ध पानी की मांग को लेकर मुख्यमंत्री डॉ यादव को ज्ञापन देना चाहते थे। परंतु कलेक्टर और पुलिस ने उन पर लाठियां भांजीं और उन्हें जेल भेज दिया। अगर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को स्वच्छ पानी मांगने पर जेल भेजा जाएगा, तो पूरी कांग्रेस जेल भरने के लिए तैयार है।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अब वे स्वयं शहडोल जाकर शुद्ध पानी की मांग करेंगे, सरकार अपनी जेल तैयार रखे।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी इस संबंध में कहा कि शहडोल में मुख्यमंत्री के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर प्रशासन द्वारा लाठीचार्ज करना और 37 नेताओं को हिरासत में लेना लोकतांत्रिक नियमों का खुला उल्लंघन है। कलेक्टर का स्वयं सड़क पर उतरकर लाठी चलाना प्रशासनिक मर्यादा और संविधान दोनों का अपमान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित