ऊधमसिंहनगर , मार्च 02 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में कच्ची शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस ने बड़ी और प्रभावी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान 47 शराब तस्करों को गिरफ्तार करते हुए कुल 52 मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एसएसपी अजय गणपति द्वारा समस्त थाना प्रभारियों को एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में रविवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक छापेमारी कर अवैध शराब के अड्डों पर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने 35 अवैध भट्टियों को जमींदोज कर 88 हजार लीटर लाहन नष्ट किया जबकि 1082 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई। शराब तस्करी में प्रयुक्त सात वाहनों को भी जब्त किया गया। पुलिस ने बताया कि जसपुर थाना में दो मुकदमे दर्ज कर दो तस्कर गिरफ्तार किये गये, जबकि 43 लीटर शराब बरामद किया गया है। कुंडा में तीन मुकदमे दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 120 लीटर शराब बरामद तथा एक वाहन जब्त, काशीपुर में एक अवैध भट्टी नष्ट, 1000 लीटर लाहन मौके पर नष्ट की गयी, आईटीआई क्षेत्र में दो मुकदमे दर्ज कर दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 38 लीटर शराब बरामद की गयी तथा चार भट्टियां ध्वस्त और 8000 लीटर लाहन नष्ट किया गया, बाजपुर में चार मुकदमे दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 48 लीटर शराब बरामद की गयी, चार भट्टियां नष्ट कर 10 हजार लीटर लाहन नष्ट किया गया। केलाखेड़ा में दो मामले दर्ज कर इतने ही लोगों को गिरफ्तार किया गया और 46 लीटर शराब बरामद हुई।
इसी प्रकार गदरपुर में दो मुकदमे दर्ज किये गये और एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से 55 लीटर शराब बरामद की गयी तथा 04 भट्टियां एवं 15 हजार लीटर लाहन नष्ट व एक मोटरसाइकिल जब्त की गयी है। दिनेशपुर में एक मुकदमा दर्ज कर 15 लीटर शराब बरामद और एक मोटरसाइकिल जब्त, ट्रांजिट कैंप में दो लाेगों की गिरफ्तारी और 20 लीटर शराब बरामद और रुद्रपुर में एक मुकदमा दर्ज कर एक की गिरफ्तारी के साथ 60 लीटर शराब बरामद तथा चार भट्टियां नष्ट और 5000 लीटर लाहन नष्ट किया गया। इसी प्रकार किच्छा में एक मुकदमा दर्ज कर एक व्यक्ति की गिरफ्तारी के साथ 20 लीटर शराब बरामद की गयी और छह भट्टियां ध्वस्त और 12 हजार लीटर लाहन नष्ट किया गया। पुलभट्टा में दो मुकदमे दर्ज कर दो गिरफ्तारी और 33 लीटर शराब बरामद की गयी, सितारगंज में पांच मामले दर्ज कर चार लाेगों को गिरफ्तार किया गया तथा 115 लीटर शराब बरामद करने के साथ एक वाहन जब्त किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित