बैतूल , दिसंबर 29 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के पाढर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत पीसाझोड़ी स्थित देशी-अंग्रेजी शराब दुकान में शनिवार रात चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने दुकान के पीछे लगी प्रोफाइल शीट उखाड़कर अंदर प्रवेश किया और नकदी व शराब पर हाथ साफ कर दिया।

जानकारी के अनुसार चोरी के समय दुकान में कार्यरत सेल्समैन पुष्पेंद्र सूर्यवंशी और धीरज पाल अंदर ही सो रहे थे, लेकिन उन्हें घटना की कोई भनक नहीं लगी। चोर दुकान से करीब 90 हजार रुपये नकद और अंग्रेजी शराब की पांच बोतलें चोरी कर ले गए।

सुबह दुकान खोलने पर चोरी का पता चला। इस दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे भी बंद पाए गए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पाढर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित