भरतपुर , मार्च 23 -- राजस्थान में भरतपुर के नदबई थाना क्षेत्र में भौसिंगा गांव में नशे में धुत एक कलयुगी बेटे द्वारा धारदार हथियार से अपने बुजुर्ग पिता की हत्या करने का मामला सामने आया है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुंवर सिंह उर्फ गुड्डू ने रविवार की देर रात अपने पिता प्रेम सिंह (60) धारदार हथियार के वार से हत्या कर दी। गुड्डू ने आज सुबह गांव वालों को अपने पिता की मौत की सूचना दी। जब ग्रामीणों ने प्रेम सिंह का शव लहूलुहान हालत में देखा तो वे सन्न रह गए, इसी बीच आरोपी पुत्र गांव से फरार हो गया।
वारदात के समय मृतक की पत्नी अपने मंझले बेटे के इलाज के लिए दौसा गई हुई थी और छोटा बेटा नौकरी पर भरतपुर में था। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाने के बाद पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित