भरतपुर , अप्रैल 06 -- राजस्थान में भरतपुर के नदबई में नगर मार्ग पर बालिका स्कूल और जिला अस्पताल के समीप संचालित शराब के ठेके को हटवाने की मांग को लेकर एक युवक सोमवार को पानी की टंकी पर चढ़ गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टंकी पर चढ़ा टीटू जाट नामक युवक कई घण्टे बीत जाने के बाद भी टंकी से उतरने के लिए तैयार नहीं है। उसका कहना है कि 16 और 17 मार्च को एसडीएम एवं जिला कलेक्टर को ज्ञापन देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उधर पुलिस एवं प्रशासन पिछले कई घण्टे से युवक को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। इसके बावजूद युवक टंकी से उतरने को तैयार नही है। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा है। युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटे अधिकारियों से युवक ने दो टूक कहा है कि बिना ठोस कार्रवाई के वह नहीं उतरेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित