धार , फरवरी 6 -- मध्यप्रदेश के धार जिले की बदनावर तहसील में शराब कंपनी के कर्मचारियों के साथ मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। अवैध शराब की तस्करी कर रहे कुछ लोगों ने वाहन रोकने को लेकर विवाद के बाद कर्मचारियों पर हमला कर दिया। घटना में एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है। मामले की जांच में स्थानीय पुलिस जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार स्थानीय शराब ठेकेदार कंपनी को सूचना मिली थी कि रतलाम क्षेत्र से एक वाहन बदनावर की ओर आ रहा है, जिसमें अवैध शराब की पेटियां ग्रामीण क्षेत्रों में सप्लाई की जानी थीं। शराब कंपनी के कर्मचारी क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री पर निगरानी रखते हैं, ताकि बाहरी तस्कर इलाके में शराब न बेच सकें।

शुक्रवार अलसुबह कर्मचारियों ने अवैध शराब से भरे वाहन का पीछा किया। लेबड़-नयागांव फोरलेन पर बोराली बस स्टैंड के पास स्पीड ब्रेकर पर वाहन के धीमा होते ही कर्मचारियों ने उसे रोककर तलाशी लेने का प्रयास किया। इसी दौरान तस्करों ने विवाद करते हुए कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी और वाहनों में तोड़फोड़ की।

बदनावर बस स्टैंड के पास एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में हमलावरों को करीब 20 मिनट तक मारपीट और तोड़फोड़ करते हुए देखा जा सकता है। शराब कंपनी से जुड़े राजेश जायसवाल ने बताया कि हमले में कई कर्मचारी घायल हुए हैं। विशाल जायसवाल नामक कर्मचारी के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसे इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर अवैध शराब लेकर जा रहे थे। थाना प्रभारी बदनावर अमित सिंह कुशवाह ने बताया कि वाहनों में तोड़फोड़ और मारपीट की घटना हुई है। घायलों का मेडिकल कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट आना शेष है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित