पुणे , दिसंबर 06 -- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा -शरद पवार) के प्रमुख शरद पवार ने आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में अजीत पवार के नेतृत्व वाली राकांपा के साथ गठबंधन से इनकार किया है। यह जानकारी पार्टी के नगर अध्यक्ष प्रशांत जगताप ने शनिवार को मीडिया से बात करते हुए दी।
श्री जगताप ने चुनाव की रणनीति पर चर्चा करने के लिए शरद पवार से मुलाकात की और संभावित नतीजों का विस्तृत विश्लेषण पेश किया। बैठक में इस बात पर चर्चा की गयी कि क्या दोनों राकांपा दलों को एक साथ चुनाव लड़ना चाहिए या महाविकास अघाड़ी (एमवीए) के साथ मिलकर चुनाव लड़ा जायें।
उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान श्री शरद पवार ने साफ तौर पर कहा कि उनकी पार्टी अजीत पवार के गुट के साथ हाथ नहीं मिलाएगी। श्री जगताप ने कहा कि उन्होंने यही संदेश प्रदेश पार्टी अध्यक्ष शशिकांत शिंदे को भी फोन पर दिया। हाल ही में हुए नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों की पृष्ठभूमि में कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बार-बार यह इच्छा व्यक्त की थी कि कम से कम उन जगहों पर दोनों राकांपा गुटों को एकजुट होना चाहिए जहां उनकी संयुक्त ताकत महत्वपूर्ण है। हालांकि श्री पवार ने अब इस चर्चा पर पूरी तरह से रोक लगा दी है।
264 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों के लिए दो दिसंबर को मतदान हुआ था, वहीं अनियमितताओं के कारण स्थगित किए गए लगभग 24 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनाव 20 दिसंबर को होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित