विदिशा , मार्च 06 -- मध्यप्रदेश के विदिशा जिले के कृषकों को उन्नत कृषि तकनीकों, नवीन कृषि यंत्रों तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से कल को शमशाबाद तहसील मुख्यालय में जिला स्तरीय किसान मेला एवं कृषि विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।
यह कार्यक्रम सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन "आत्मा" तथा मध्यप्रदेश राज्य मिलेट मिशन के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। एक दिवसीय कृषि विज्ञान मेला सुबह 11 से शाम 5 बजे तक पीएम श्री शासकीय बालक हायर सेकेंडरी स्कूल, शमशाबाद में आयोजित होगा। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत आयोजित इस मेले में किसानों के लिए विभिन्न विभागों द्वारा जानकारीपूर्ण स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, स्वास्थ्य, जल संसाधन, बैंक, पशुपालन, वन तथा सहायक कृषि यंत्री विभाग सहित अन्य विभागों की भागीदारी रहेगी। इन स्टॉलों के माध्यम से किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, नवीन योजनाओं और आधुनिक कृषि उपकरणों की जानकारी दी जाएगी।
मेले में किसानों को फसलों की उन्नत किस्मों, आधुनिक उत्पादन तकनीकों तथा जीरो टिलेज जैसी नई खेती पद्धतियों के बारे में बताया जाएगा। इसके साथ ही रोटावेटर, सुपरसीडर सहित अन्य आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन भी किया जाएगा, जिससे किसानों को उनके संचालन और उनसे होने वाले लाभों की जानकारी मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान कृषक-वैज्ञानिक परिचर्चा भी आयोजित की जाएगी, जिसमें कृषि विशेषज्ञ और वैज्ञानिक किसानों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान बताएंगे। साथ ही उन्नत तकनीकों के माध्यम से लागत कम करने और आय बढ़ाने के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।
कृषि विभाग द्वारा जिले के सभी कृषक भाइयों से अपील की गई है कि वे इस कृषि विज्ञान मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आधुनिक कृषि तकनीकों और विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा अपने कृषि कार्य को अधिक लाभकारी बनाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित