कानपुर , जनवरी 22 -- कार्यकर्ताओं को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ताकत बताते हुये पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी में गुरुवार को कहा कि वह शब्दों से नहीं बल्कि अपने कर्मो से जवाब देने में विश्वास करते हैं। प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद पहली बार कानपुर आये श्री चौधरी ने छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के वीरांगना लक्ष्मी बाई प्रेक्षागृह में भाजपा कानपुर - बुंदेलखंड क्षेत्र की बैठक को संबोधित करते हुये कहा " मेरे राजनीतिक दृष्टिकोण में कार्यकर्ता सबसे मूल्यवान है। जब मेरे अध्यक्ष बनने की घोषणा हुयी थी तब कुछ लोगों ने कहा कि भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष ने हमेशा केन्द्र की राजनीति की है। मैंने सब सुना और चुप रहा क्योंकि शब्दों से नहीं मैं कर्म से जवाब देने में विश्वास रखता हूं। मैं आप सबको विश्वास दिलाता हूँ कि मेरे काम करने की शैली इन सब बातों का जवाब होगी।"उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा " मेरी आप सब से भी यही अपेक्षा है कि आप सभी मेरे साथ कंधा से कंधा मिलाकर साथ काम करें और साथ चलें। कार्यकर्ता का दायित्व मेरे लिये किसी भी दायित्व से बड़ा है। संगठन ही हम सबकी ताकत और पहचान है। मैं प्रदेश अध्यक्ष और वित्त राज्य मंत्री होने से पहले संगठन का एक कार्यकर्ता हूं।"बैठक के पूर्व नगर में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं ने स्थानीय नागरिकों के साथ ऐतिहासिक स्वागत किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केन्द्र का रास्ता उत्तर प्रदेश से ही जाता है, इसलिए 2027 के विधानसभा चुनाव में 2017 से बडी विजय के लिए हमे जुटना है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का दूसरा चरण चल रहा है। हमे जुटकर एक-एक घर में पहुंचकर किसी भी कारण से अब तक छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने का काम करना है। इसके साथ ही केंद्र सरकार विकसित भारत- जी राम जी अधिनियम लेकर आयी है। हमे श्रमिकों, ग्रामीणों, किसानो तक इस अधिनियम की सच्चाई लेकर पहुंचना है।

उन्होंने कहा कि मनरेगा खराब गुणवत्ता, अस्थाई परिसंपत्तियां, व्यापक भ्रष्टाचार, किसानों को समस्या, कम मजदूरी, लेट मजदूरी पेमेंट के करण भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का केंद्र बन चुका था। जबकि विकसित भारत - जी राम जी में ग्रामीण परिसंपत्तियों पर फोकस, ग्राम सभा स्तर पर कार्य योजना, तकनीकी का प्रयोग, भ्रष्टाचार का अंत, 125 दिन का काम, 7 दिन के अंदर पेमेंट, किसानों के हितों की रक्षा की गारंटी लेकर जनसंवाद करिए और विपक्ष के भ्रम और अफवाहों को समाप्त करिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित