बैतूल , मार्च 6 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की लाठी से पीटकर कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के हिवरखेड़ी गांव की है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 35 वर्षीय रंजना चागड़े के रूप में हुई है। वह अपने पति बलराम चागड़े के साथ गांव के एक ईंट भट्ठे पर काम करती थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रंजना बिना बताए अपनी एक सहेली के घर रातभर रुक गई थी। अगले दिन घर लौटने पर इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया।
बताया गया है कि विवाद के दौरान गुस्से में आकर बलराम ने लाठी से पत्नी की पिटाई कर दी। मारपीट में गंभीर चोटें लगने के कारण रंजना की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की ननद ने पुलिस को बताया कि आरोपी अपनी पत्नी पर अक्सर शक करता था और उसे मायके या रिश्तेदारों के यहां जाने से भी रोकता था। परिजनों के अनुसार दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था।
मृतका के भाई सोमलाल ने बताया कि गांव के कुछ लोगों ने ईंट भट्ठे के पास रंजना को अचेत अवस्था में देखा था। सूचना मिलने पर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी पति पत्नी के शव के पास बैठा मिला। महिला के चेहरे और गाल पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित