हैदराबाद , जनवरी 29 -- शक्ति समूह की कंपनी शक्ति एविएशन एंड सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड (एसडीएसपीएल) ने देश में 19 सीटर एल410 एनजी विमानों के निर्माण के लिए गुरुवार को चेक गणराज्य के ओमनीपोल समूह के साथ एक सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया।
दोनों कंपनियों के अधिकारियों ने यहां विंग्स इंडिया 2026 में नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू और नागरिक उड्डयन सचिव समीर कुमार सिन्हा की मौजूदगी में एमओयू की अदला-बदली की। एल410 एनजी टर्बाइन इंजन वाला विमान है जिसका निर्माण ओमनीपोल समूह की सदस्य कंपनी चेक मैन्युफेक्चरर एयरक्राफ्ट इंडस्ट्रीज द्वारा किया जाता है। इन विमानों का इस्तेमाल क्षेत्रीय संपर्क योजना 'उड़ान' के तहत छोटे और मझौले शहरों को जोड़ने के लिए हो सकता है।
दोनों कंपनियां भारत में अंतिम असेम्बली लाइन लगाने के लिए विस्तृत विवरण पर विचार-विमर्श करेंगी। एल410 एनजी विमान छोटे और ऐसे रनवे से भी उड़ान भर सकते हैं जो पूरी तरह तैयार न हो। एसडीएसपीएल के अध्यक्ष एम. मणिकम ने कहा कि इस समझौते से न सिर्फ विमान सेवा कंपनियों को अधिक विकल्प मिलेगा, बल्कि प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के माध्यम से घरेलू उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा। यह सरकार के मेक-इन-इंडिया के अनुरूप है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित