जौनपुर , अप्रैल 13 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने सोमवार को कहा कि शक्ति वंदन अधिनियम अभियान महिला सशक्तिकरण की दिशा में पार्टी का ऐतिहासिक कदम है।
द्विवेदी ने सोमवार को डाक बंगले में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि महिलाओं को राजनीति की मुख्यधारा में लाने के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता और 2029 के चुनावों में 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की रूपरेखा साझा करना उनका मुख्य उद्देश्य है। उन्होने बताया कि संसद के आगामी विशेष सत्र (16 से 18 अप्रैल) में अधिनियम से जुड़ी तकनीकी बाधाओं को दूर किया जाएगा और नए प्रस्ताव के तहत लोकसभा सीटों की संख्या 816 करने की योजना है, जिससे महिलाओं के लिए 273 सीटें आरक्षित होंगी।
उन्होंने कहा कि अब 2027 की जनगणना की प्रतीक्षा किए बिना, 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन की प्रक्रिया शुरू करने पर विचार किया जा रहा है, ताकि 2029 में महिलाएं अपना हक पा सकें जन-जागरण अभियान के तहत आगामी 15 से 17 अप्रैल तक पूरे जिले में 'नारी शक्ति पदयात्रा' और स्कूटी रैलियों का आयोजन किया जाएगा।
द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अब 'महिला विकास' से आगे बढ़कर महिला नेतृत्व वाले विकास की ओर कदम बढ़ा चुका है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम केवल एक कानून नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी के आत्मविश्वास का प्रतीक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित