भरतपुर , जनवरी 12 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर में रविवार रात ''पाई मैट्रिक्स' के सहयोग से आयोजित "स्टारगेजिंग नाइट" में लोग शक्तिशाली टेलीस्कोप से खगोलीय सफारी के दौरान तारों से सजे आसमान के नीचे शनि-बृहस्पति जैसे ग्रहों काे नजदीक से देखकर रोमांचित हो गये।
कार्यक्रम के आयोजक प्रसिद्ध खगोलविद मनीष लोगर और गणेश पाटीदार ने सोमवार को बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन में विज्ञान और खगोल विज्ञान के प्रति रुचि पैदा करना है। ऐसे आयोजनों से लोग ब्रह्मांड, ग्रहों और तारों के बारे में प्रत्यक्ष रूप से जान पाते हैं, जिससे सीखने की प्रक्रिया और भी रोचक बनती है। तारों से सजे आसमान के नीचे शनि-बृहस्पति जैसे ग्रहों का दूरबीन के जरिए नजदीक से अवलोकन करना सवाई माधोपुरवासियों के लिए एक याद्गार अनुभव रहा। यहां दशहरा मैदान में विज्ञान प्रेमी और स्थानीय लोगों ने ग्रहों को नजदीक के देखने का अनुभव प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान विशेष खगोलीय अवलोकन सत्र में व्यावसायिक दूरबीन के माध्यम से प्रतिभागियों ने शनि और बृहस्पति ग्रह को नजदीक से देखा। दूरबीन से ग्रहों को देखकर लोग रोमांचित नजर आए।
इस अवसर पर खगोलविदों ने ब्रह्मांड की अद्भुत दुनिया से परिचित कराते ग्रहों की संरचना, उनकी गति, वलयों और उपग्रहों के बारे में रोचक जानकारियां साझा कीं। स्टारगेजिंग नाइट को लेकर सवाई माधोपुरवासियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित