प्रयागराज , जनवरी 25 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे माघ मेले में ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती रविवार को भी अनशन पर बैठे रहे। इस दौरान कई विपक्षी नेताओं ने उनसे मुलाकात कर समर्थन जताया। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के शंकराचार्य पद से जुड़े मामले को लेकर मेला प्रशासन की ओर से उन्हें नोटिस भी जारी किया गया है। वहीं सूत्रों के अनुसार उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार शाम प्रयागराज स्थित माघ मेला क्षेत्र का दौरा कर सकते हैं। यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि वह अनशन पर बैठे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मुलाकात कर सकते हैं।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी शैलेंद्र योगीराज ने इसकी जानकारी दी है। हालांकि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की ओर से अब तक ऐसा कोई आधिकारिक प्रोटोकॉल जारी नहीं हुआ है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि वे शंकराचार्य से मुलाकात करेंगे या नहीं।
गौरतलब है कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शंकराचार्य के अनशन को लेकर पहले बयान देते हुए उनसे अनशन समाप्त करने की अपील की थी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई किए जाने की बात भी कही थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा था कि उपमुख्यमंत्री को यह समझ में आ गया है कि अधिकारियों से कुछ गलती हुई है।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने यह भी टिप्पणी की थी कि केशव प्रसाद मौर्य को ही उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित