नयी दिल्ली , फरवरी 12 -- भारत ने कहा है कि अमेरिका के साथ व्यापार समझौते से संबंधित अमेरिकी तथ्य पत्र (फैक्टशीट) में हाल ही में किए गए संशोधन दोनों देशों के बीच बनी साझा समझ को दर्शाते हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को साप्ताहिक ब्रीफिंग में सवालों के जवाब में कहा कि ये परिवर्तन इसी महीने की शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच सहमत संयुक्त वक्तव्य के अनुरूप हैं।
उन्होंने कहा, "भारत और अमेरिका ने पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार से संबंधित अंतरिम समझौते के ढांचे को लेकर एक संयुक्त वक्तव्य पर सहमति व्यक्त की थी। यह 7 फरवरी को जारी किया गया था। यह संयुक्त वक्तव्य इस मामले में हमारी पारस्परिक समझ का आधार है।"प्रवक्ता ने कहा कि अब दोनों देश इस ढांचे को लागू करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा," दोनों पक्ष अब इस ढांचे को क्रियान्वित करने और अंतरिम समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में कार्य करेंगे। अमेरिकी फैक्टशीट में किए गए संशोधन संयुक्त वक्तव्य में निहित साझा समझ को प्रतिबिंबित करते हैं।"यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब भारत और अमेरिका चरणबद्ध समझौते के माध्यम से द्विपक्षीय व्यापार संबंधों को आगे बढ़ाने के प्रयास कर रहे हैं, जिनका उद्देश्य बाजार पहुंच बढ़ाना और दोनों पक्षों की व्यापार संबंधी चिंताओं का समाधान करना है।
अमेरिका-भारत व्यापार संबंधों में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले शुक्रवार को भारत के साथ एक नए अंतरिम व्यापार समझौते की घोषणा की थी जिससे भारत के बाजार में अमेरिकी उत्पादों के लिए अवसर खुलेंगे।
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि यह समझौता अमेरिकी निर्यातकों के लिए बाजार पहुंच बढ़ाता है और उन व्यापार बाधाओं को कम करता है, जिन्होंने ऐतिहासिक रूप से अमेरिकी व्यवसायों को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा, "भारत ने प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अमेरिकी वस्तुओं पर सबसे अधिक शुल्क लगाए हैं, जहां कृषि पर औसत शुल्क 37 प्रतिशत है और कुछ ऑटोमोबाइल पर शुल्क 100 प्रतिशत से अधिक है।"तथ्यपत्र के अनुसार, भारत अमेरिकी औद्योगिक वस्तुओं तथा खाद्य एवं कृषि उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला-जैसे डिस्टिलर्स ड्राइड ग्रेन्स , लाल ज्वार, मेवे, ताजे और प्रसंस्कृत फल, सोयाबीन तेल, वाइन और स्पिरिट पर शुल्क समाप्त या कम करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित