अंबिकापुर , फरवरी 15 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक व्यापारी से हुई 20 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के लिए आज यहां आयोजित व्यापारी संवाद सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने थाना कोतवाली और साइबर सेल की टीम को सम्मानित किया।
पुलिस से रविवार को मिली जानकारी के अनुसार, 28 दिसंबर 2025 को शहर के व्यापारी अनिल अग्रवाल अपनी दुकान से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सत्तीपारा स्थित कैलाश मोड़ के पास अज्ञात बदमाशों ने अचानक डंडे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस टीम का गठन किया गया था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों और नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में थाना कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय जानकारी के आधार पर मामले की पड़ताल शुरू की। पुलिस टीम ने चंद घंटों के भीतर ही आरोपी दीपक दास और रोहित दास को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों के पास से लूटी गई 20 लाख रुपये की नगदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है।
व्यापारी संवाद सम्मेलन में मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक लुण्ड्रा प्रबोध मिंज, भाजपा जिलाध्यक्ष अखिलेश सोनी, पीड़ित व्यापारी अनिल अग्रवाल एवं अन्य व्यापारियों ने पुलिस टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस अवसर पर थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक विवेक पांडेय, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, प्रधान आरक्षक विकास सिन्हा, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, प्रधान आरक्षक जयदीप सिंह, आरक्षक मनीष सिंह, अमन पुरी, नितिन सिन्हा, विवेक राय और अमित विश्वकर्मा को शॉल पहनाकर सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित