बैतूल , मार्च 03 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की धार्मिक नगरी मुलताई स्थित शासकीय हाईटेक लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को अब पुस्तकों की कमी से जूझना नहीं पड़ेगा।

नगर के व्यापारियों ने विद्यार्थियों की जरूरत को समझते हुए 40 से अधिक उपयोगी पुस्तकें लाइब्रेरी को भेंट की हैं, जिससे सैकड़ों छात्र-छात्राओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

लाइब्रेरी में लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों की कमी महसूस की जा रही थी। दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले छात्र-छात्राएं सीमित संसाधनों के बीच यहीं बैठकर अध्ययन करते हैं। पर्याप्त संदर्भ सामग्री उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें तैयारी में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

कल आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री सुखदेव पाँसे, नगरपालिका उपाध्यक्ष शिवकुमार माहोरे और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण यादव ने लाइब्रेरी पहुंचकर पुस्तकें लाइब्रेरियन को सौंपीं। यह पहल व्यापारी संदीप सोनी, ओमप्रकाश अग्रवाल और सुमित शिवहरे द्वारा की गई। व्यापारियों ने बताया कि विद्यार्थियों की समस्या सामने आने पर उन्होंने सामूहिक रूप से पुस्तकें उपलब्ध कराने का निर्णय लिया।

व्यापारी संदीप सोनी ने कहा कि लाइब्रेरी में पढ़ने आने वाले कई छात्र आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से हैं और महंगी पुस्तकों की खरीद उनके लिए संभव नहीं होती। ऐसे में सामूहिक सहयोग से उनकी मदद करना समाज का दायित्व है। वहीं सुमित शिवहरे ने बताया कि इस लाइब्रेरी से अध्ययन कर अब तक 50 से अधिक छात्र-छात्राएं विभिन्न शासकीय सेवाओं में चयनित हो चुके हैं, जो शहर के लिए गर्व की बात है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित