पटना , दिसंबर 14 -- बिहार के स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) के वरिष्ठ नेता मंगल पाण्डेय ने रविवार को दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की रैली को पूरी तरह फ्लॉप बताते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार मिल रही चुनावी हार की हताशा में वोट चोरी का अनर्गल आरोप लगा रही है, जो एक तरह से देश के मतदाताओं का अपमान है। श्री पाण्डेय ने बयान जारी के कहा कि कांग्रेस की रैली का मकसद घुसपैठियों और अवैध रूप से भारत मे रह रहे बंगलादेशियों का बचाव करना है। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव से पहले कांग्रेस ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में यात्रा निकाली थी, लेकिन बिहार के मतदाताओं ने कांग्रेस की मिट्टी पलीद कर दी।

श्री पांडेय ने कहा कि दरअसल कांग्रेस एसआईआर के विरोध के बहाने घुसपैठियों का संरक्षण करना चाहती है। कांग्रेस की मंशा बंगलादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों के जरिए देश में अराजकता पैदा करना चाहती है। एसआईआर के जरिए मतदाता सूची का शुद्धिकरण भारत के चुनाव आयोग का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन कांग्रेस चुनाव आयोग और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर वोट चोरी का निराधार आरोप लगा कर देश के लोकतंत्र और मतदाताओं का अपमान कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित