चंडीगढ़ , नवंबर 08 -- कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी 'वोट चोर, गद्दी छोड़' अभियान के तहत चंडीगढ़ कांग्रेस ने शुक्रवार को शहर के नागरिकों से एकत्र किये गये 50,000 हस्ताक्षरों को पार्टी हाईकमान को भेजा।

यह पहल कांग्रेस के उस राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत देशभर से पांच करोड़ हस्ताक्षर एकत्र कर राष्ट्रपति को सौंपे जाने हैं।

यह हस्ताक्षर अभियान भाजपा और केंद्र सरकार पर लोकतंत्र पर लगातार हमले, संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग और चुनावी प्रक्रिया में हेराफेरी जैसे आरोपों के विरोध में शुरू किया गया है।

चंडीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। शहरभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर हस्ताक्षर एकत्र किये, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि भाजपा शासन में लोकतांत्रिक मूल्यों और संस्थाओं के क्षरण को लेकर जनता में व्यापक असंतोष है।

इस अवसर पर चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष एच एस लकी ने कहा कि भाजपा सरकार ने राजनीतिक लाभ के लिए चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा किये गये हालिया खुलासे के बाद चुनाव आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्न उठे हैं।

श्री लकी ने कहा कि कांग्रेस देशभर में इस आंदोलन को जारी रखेगी, ताकि लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का विश्वास बहाल किया जा सके।

उन्होंने कहा, " यह हस्ताक्षर अभियान जनता की आवाज़ को सशक्त बना रहा है। जब तक जवाबदेही और न्याय बहाल नहीं होता, कांग्रेस चैन से नहीं बैठेगी।"कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस हाईकमान देशभर से प्राप्त हस्ताक्षरों को संकलित कर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को सौंपेगी।

उन्होंने बताया नवंबर के अंतिम सप्ताह में दिल्ली में एक विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें भाजपा सरकार से लोकतंत्र के साथ किये गये कथित विश्वासघात पर जवाबदेही तय करने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस्तीफे की मांग की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित