बैतूल , मार्च 30 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई नगर के भगतसिंह वार्ड में सोमवार सुबह एक घर में वॉटर डिस्पेंसर फटने से किचन में आग लग गई, हालांकि फायर टीम की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार डॉ. रामदास गडेकर के मकान में किराए से रह रहे वीरेंद्र वर्मा के किचन में लगे वॉटर डिस्पेंसर के फटने से आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते किचन में रखे घरेलू सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के समय घर में मौजूद लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग के दौरान किचन में गैस सिलेंडर चालू अवस्था में रखा था, जिससे विस्फोट का खतरा बना हुआ था।
सूचना मिलते ही फायर टीम मौके पर पहुंची और तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। टीम ने सबसे पहले गैस सिलेंडर का मेन वाल्व बंद कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला और पानी के प्रेशर से ठंडा किया। इसके बाद लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया गया।
फायर टीम के ड्राइवर धनराज पवार, गिरीश पिपले, सुमित पुरी और भूपेंद्र राठौर ने तत्परता से कार्य करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि किचन का सामान जलकर नष्ट हो गया। स्थानीय लोगों ने फायर टीम की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित