मुंबई , जनवरी 22 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ग्रीनलैंड पर अपना रुख नरम करने के बाद गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार तीन दिन की गिरावट से उबरने में कामयाब रहे।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 397.74 अंक (0.49 प्रतिशत) चढ़कर 82,307.37 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 132.40 अंक यानी 0.53 प्रतिशत चढ़कर 25,289.90 अंक पर पहुंच गया।

सेंसेक्स में आज 909 अंकों का बड़ा उतार-चढ़ाव देखा गया। यह ऊपर 82,783.18 अंक और नीचे 81,874.39 अंक तक गया। सुबह के समय यह 874 अंक चढ़ गया था तो वहीं दोपहर बाद लाल निशान में भी गया।

श्री ट्रंप ने ग्रीनलैंड के मुद्दे पर यूरोपीय देशों पर अतिरिक्त आयात शुल्क लगाने का फैसला वापस ले लिया है। उन्होंने यह भी कहा है कि अमेरिका ग्रीनलैंड को हासिल करने के लिए बल प्रयोग नहीं करेगा। इससे शेयर बाजारों में निवेश धारणा मजबूत रही। डॉलर के मुकाबले रुपये में शुरुआती तेजी का लाभ भी बाजार को मिला।

मझौली और छोटी कंपनियों में ज्यादा तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक में 1.33 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक में 0.76 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गयी।

टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रियलटी को छोड़कर अन्य सेक्टरों के सूचकांक हरे निशान में रहे। सार्वजनिक बैंकों का सूचकांक 2.34 प्रतिशत मजबूत हुआ। रसायन, स्वास्थ्य, फार्मा, धातु, मीडिया और एफएमसीजी सेक्टरों के सूचकांक एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त में रहे।

एनएसई में कुल 3,266 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 2,343 कंपनियों के शेयर हरे निशान में और 847 के लाल निशान में बंद हुए। अन्य 76 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अपरिवर्तित बंद हुए।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 24 के शेयरों में तेजी रही। बीईएल का शेयर सबसे ज्यादा 3.75 प्रतिशत चढ़ा। टाटा स्टील का शेयर 2.69 प्रतिशत, अडानी पोर्ट्स का 2.57, भारतीय स्टेट बैंक का 1.95, बजाज फिनसर्व का 1.73, एशियन पेंट्स का 1.62 और पावरग्रिड का 1.51 प्रतिशत मजबूत हुआ।

सनफार्मा में 1.35 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 1.22, इंडिगो में 1.15, अल्ट्राटेक सीमेंट और एनटीपीसी दोनों में 1.14, ट्रेंट में 1.01, कोटक महिंद्रा बैंक में 1.00, हिंदुस्तान यूनीलिवर में 0.97 और टीसीएस में 0.96 प्रतिशत की तेजी रही। एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंफोसिस और भारती एयरटेल के शेयर भी हरे निशान में रहे।

इटरनल का शेयर सबसे अधिक 2.61 प्रतिशत टूटा। टाइटन में 1.50 प्रतिशत की गिरावट रही।

दुनिया के दूसरे शेयर बाजारों में भी तेजी रही। एशिया में जापान का निक्केई 1.73 प्रतिशत, हांगकांग का हैंगसेंग 0.17 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.14 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 1.08 फीसदी और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.23 प्रतिशत की बढ़त में था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित