जयपुर , मार्च 29 -- राजस्थान भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 'मन की बात' कार्यक्रम के माध्यम से देशवासियों को वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों, विशेषकर खाड़ी देशों में चल रहे तनाव के बीच भारत को पूरी तरह सक्षम और मजबूत होने एवं अफवाहों पर विश्वास नहीं करने का संदेश दिया है लेकिन विपक्ष इस वैश्विक संकट के समय राजनीति कर रहा है जो शर्मनाक है।

श्री राठौड़ ने रविवार को यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय में मन की बात कार्यक्रम के प्रसारण को सुना और इस अवसर पर यह बात कही। उन्होंने विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि आपदा और चुनौती के समय राजनीति करना उचित नहीं है। केंद्र और राज्य सरकार स्पष्ट रूप से कह रहे हैं कि देश में पर्याप्त व्यवस्थाएं हैं, इसके बावजूद कांग्रेस लगातार प्रदर्शन और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि ऐसे समय में सभी दलों को मिलकर समाधान खोजने की आवश्यकता है, न कि राजनीतिक लाभ लेने की। श्री राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें 'इंतजार की राजनीति' छोड़कर सेवा भाव से कार्य करना चाहिए। जनता के बीच रहकर सकारात्मक योगदान देना ही सच्ची राजनीति है। अफवाह फैलाने और गलत सलाह देने से बचना चाहिए। श्री गहलोत तो ऐसे इंतजार कर रहे है जैसे वो मुख्यमंत्री बनना चाहते है। उन्हें मुंगेरी लाल के सपने देखना बंद कर धरातल पर आना चाहिए। समाज की सेवा करें एवं अफवाह नहीं फैलाएं।

उन्होंने कहा कि विपक्ष को चाहिए कि जैसे कोविड के दौरान विपक्ष की भूमिका निभाते हुए भाजपा ने पूर्ण सहयोग दिया था, उसी तर्ज पर आज कांग्रेस विपक्ष की सकारात्मक भूमिका निभाए, जनता के साथ मिलकर सरकार को सहयोग करें।

श्री राठौड़ ने कहा कि सभी संवैधानिक संस्थाएं स्वतंत्र हैं और अपना कार्य निष्पक्ष रूप से कर रही हैं। चुनाव आयोग जब भी चुनाव की घोषणा करेगा, भाजपा पूरी तरह तैयार है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों में भाजपा विकास, सेवा और समर्पण के मुद्दों के साथ जनता के बीच जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित