हाजीपुर , जनवरी 20 -- वैशाली की जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने मंगलवार को बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं आपदा प्रबंधन विभाग की देखरेख में जिला समाहरणालय परिसर से भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा का औपचारिक शुभारंभ करते हुए जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना किया।

यह अभियान 20 जनवरी से 03 फरवरी तक जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों एवं नगर निकाय क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि वैशाली जिला भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में आता है। ऐसे में आम नागरिकों को भूकंप से बचाव एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जागरूकता रथ एवं नुक्कड़ नाटक की टोलियाँ पंचायत स्तर तक जाकर लोगों को प्रशिक्षित करेंगी, जिससे आपदा के समय जान-माल की क्षति को न्यूनतम किया जा सकेगा और एक सशक्त आपदा-प्रतिरोधी समाज का निर्माण होगा।

भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत एलईडी स्क्रीन से सुसज्जित जागरूकता रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करेगा। इस दौरान लघु फिल्मों एवं दृश्य संदेशों के माध्यम से भूकंप के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त 'कला कुंज' समूह के कलाकारों द्वारा भूकंप जागरूकता पर आधारित नुक्कड़ नाटक एवं गीतों की प्रस्तुति भी की जाएगी।

इस अवसर पर वैशाली के अपर समाहर्त्ता (आपदा प्रबंधन) राम दुलार राम, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी आकाश कुमार सहित जिला प्रशासन के अन्य वरीय पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित