हाजीपुर , मार्च 23 -- बिहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देशन में बिहार दिवस 2026 के अवसर पर दूसरे दिन शिक्षा विभाग, वैशाली के तत्वावधान में क्विज प्रतियोगिता एवं भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए छात्र-छात्राओं ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया तथा बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. सतीश कुमार 'साथी' ने किया ।इसके बाद शिक्षा विभाग की ओर सें क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कला, संस्कृति, बिहार की धरोहर, वैशाली, विज्ञान, गणित, खेल एवं समसामयिक विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। इस प्रतियोगिता की विशेषता यह रही कि इसमें छात्र-छात्राओं के साथ-साथ अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अभिभावक वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सोनू कुमार एवं अंशु प्रिया को सम्मानित किया गया। वहीं ओपन क्विज प्रतियोगिता में कल्लू कुमार, सरोज कुमार सहित अन्य प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।

क्विज प्रतियोगिता का संचालन शिक्षक उमेश कुमार प्रसाद सिंह ने किया। उन्होंने समसामयिक घटनाओं के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य से जुड़े प्रश्नों को शामिल कर प्रतिभागियों के ज्ञानवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित