वाशिंगटन , जनवरी 07 -- वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने के अभियान के दौरान अमेरिका के सात सैन्यकर्मी घायल हो गए थे।

अमेरिकी मीडिया 'फॉक्स न्यूज' ने एक अनाम अमेरिकी अधिकारी के हवाले से यह खबर दी है। इसमें कहा गया है इन सात में से पांच सैनिक वापस ड्यूटी पर लौट आए हैं जबकि दो अभी भी स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि वेनेजुएला में अभियान के दौरान घायल हुए सभी अमेरिकी बेहतर स्थिति में हैं। हालांकि घायलों की आधिकारिक संख्या और उनकी स्थिति के बारे में अभी कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

एनबीसी की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि जब अमेरिकी सुरक्षा बल श्री मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को उनके आवास से ले जा रहे थे, तब किसी दीवार या दरवाजे से टकराने के कारण वे दोनों भी चोटिल हो गए। रिपोर्ट के अनुसार ये चोटें मादुरो और उनकी पत्नी के अमेरिकी विशेष बल डेल्टा के सैनिकों के संपर्क में आने से पहले लगी थीं। उनके शरीर पर खरोंच और नील के निशान पाए गए हैं जो किसी दरवाजे या दीवार से टकराने के कारण हो सकते थे। एक अन्य सूत्र ने जानकारी दी कि बाद में विमान में सवार होने के दौरान इस दंपत्ति का चिकित्सकीय परीक्षण भी किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित