काराकास , दिसंबर 27 -- वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने अमेरिका के साथ आपसी सम्मान के आधार पर बातचीत करने की इच्छा व्यक्त की है। मादुरो ने हालांकि स्पष्ट किया कि यह संवाद तभी संभव है जब अमेरिका वेनेजुएला के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करना बंद करे।

एक टेलीविज़न संबोधन के दौरान श्री मादुरो ने कहा, "यदि अमेरिकी पक्ष पिछले 25 वर्षों से वेनेजुएला में हस्तक्षेप की अपनी विफल कोशिशों को छोड़ने और आपसी सम्मान के आधार पर बातचीत करने के लिए तैयार है, तो हम इसका स्वागत करेंगे। हम शांति, सहयोग और समृद्धि के मार्ग की तलाश करने के लिए तैयार हैं।"अपने संबोधन में राष्ट्रपति मादुरो ने अमेरिकी रुख की कड़ी आलोचना भी की। उन्होंने वेनेजुएला सरकार के खिलाफ चलाए जा रहे दुष्प्रचार, देश को अस्थिर करने के प्रयासों और मौजूदा नेतृत्व को उखाड़ फेंकने की साजिशों के लिए अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने अमेरिकी मीडिया से भी अपील की कि वे वेनेजुएला की वास्तविक स्थिति को समझें और फिर उसकी रिपोर्टिंग करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित