सक्ती , अप्रैल 14 -- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित डभरा थाना क्षेत्र के सिंघीतराई गांव में मंगलवार को वेदांता पावर प्लांट के बॉयलर में विस्फोट हो जाने से तीन श्रमिकों की मौत हो गई और 24 से अधिक घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने घटना की पुष्टि की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विस्फोट इतना तेज था कि प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के तुरंत बाद घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई मजदूरों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है।
सूचना मिलते ही प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
फिलहाल विस्फोट के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, जिसकी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित