धार , मार्च 31 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में वेतन नहीं मिलने और कथित प्रताड़ना से परेशान एक निजी कंपनी के एरिया मैनेजर द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर कंपनी मालिक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार कुक्षी तहसील के ग्राम डेहरी निवासी 27 वर्षीय रजत भोपे ने 17 मार्च की मध्यरात्रि को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। वह खाद-बीज कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत था। परिजनों का आरोप है कि कंपनी मालिक द्वारा उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और कई महीनों से वेतन भी नहीं दिया जा रहा था।

जांच के दौरान सामने आया कि आत्महत्या से कुछ मिनट पहले रजत ने अपनी बहन और एक दोस्त को व्हाट्सएप पर संदेश भेजा था, जिसमें उसने वेतन नहीं मिलने और कंपनी मालिक द्वारा झूठे आश्वासन देने की बात लिखते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।

सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने ब्लू व्हेल सीड्स कंपनी के मालिक होतमसिंह निवासी सिद्धार्थ नगर ठठीपुर, मुरार (ग्वालियर) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। जांच अधिकारी भूपेंद्र खरतिया ने बताया कि मृतक द्वारा भेजे गए संदेश, परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित