बैतूल , जनवरी 20 -- मध्यप्रदेश के बैतूल नगरपालिका के 250 से अधिक कर्मचारियों ने वेतन में लगातार हो रही देरी के विरोध में आज से काली पट्टी बांधकर काम शुरू किया।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 26 जनवरी तक उनका वेतन भुगतान नहीं किया गया, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।

इस विरोध में सफाईकर्मी, कार्यालयीन स्टाफ सहित नगरपालिका की सभी शाखाओं के कर्मचारी शामिल हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि वेतन में देरी के साथ उनकी हाजिरी काटने जैसी कार्रवाई भी की जा रही है, जिससे उनमें भारी नाराजगी है।

कर्मचारियों का कहना है कि नगरपालिका सीएमओ सतीश मटसेनिया पहले ठेकेदारों को भुगतान करते हैं और उसके बाद कर्मचारियों का वेतन जारी होता है। पहले हर माह की 5 तारीख तक वेतन मिल जाता था, लेकिन पिछले एक साल से भुगतान में लगातार देरी हो रही है और अब वेतन 28 तारीख तक टल रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित