जालंधर , नवंबर 20 -- पंजाब में जिला रक्षा सेवायें कल्याण अधिकारी कमांडर बलजिंदर सिंह विर्क ने गुरुवार को बताया कि बॉम्बे सैपर्स द्वारा पूर्व सैनिकों, वीर नारियों तथा उनके वारिसों की भलाई के लिए वेटरनज़ आउटरीच प्रोग्राम के अंतर्गत 23 नवंबर 2025 को वज्रा सैनिक इंस्टीट्यूट, जालंधर कैंटमें एक्स सर्विसमैन रैली का आयोजन किया जा रहा है।
कमांडर बलजिंदर सिंह विर्क ने बताया कि इस रैली में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके वारिसों की पेंशन, पार्ट-टू ऑर्डर, स्पर्श एक्स सर्विसमैन कंट्रीब्यूटरी हेल्थ स्कीम, पेंशन वितरण एवं बैंकिंग, आधार कार्ड, मेडिकल/ डेंटल आदि मामलों का मौके पर निपटारा करने के साथ-साथ जिला सैनिक बोर्ड और डी.पी.डी.ओ. के साथ भी संवाद होगा।
रैली में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके वारिसों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से विभिन्न रिकॉर्ड ऑफिस, ई.सी.एच.एस. पॉलीक्लिनिक, सेंट्रल एम.आई. रूम, आधार ऑफिस, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, केनरा बैंक, इंश्योरेंस सेक्टर की एल.आई.सी. तथा जिला सैनिक बोर्ड द्वारा स्टॉल भी लगाये जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस रैली में इंजीनियर-इन-चीफ एवं कर्नल कमांडेंट बॉम्बे सैपर्स लेफ्टीनेंट जनरल विकास रोहेला, सेना मेडल, लेफ्टीनेंट जनरल एस.एस. हसाबनिस, परम विशिष्ट सेवा मेडल, वी.एस.एम., ए.डी.सी. (रिटायर्ड) विशेष रूप से शिरकत करेंगे। उन्होंने बॉम्बे इंजीनियर ग्रुप, बंगाल इंजीनियर ग्रुप तथा सिख एल.आई. के सभी पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके वारिसों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपनी समस्याओं का तुरंत निवारण करवाने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित