मथुरा , जनवरी 16 -- संत प्रेमानंद महाराज शुक्रवार को वृंदावन में सुदामा कुटी के संस्थापक संत सुदामा दास जी महाराज के वृंदावन आगमन के सौ वर्ष पूरे होने पर मनाए जा रहे शताब्दी महोत्सव में शामिल होने पहुंचे जहां उन्होंने भगवान कौशल किशोर के दर्शन किए और श्री राम महायज्ञ स्थल की परिक्रमा दी। संत प्रेमानंद यहां करीब आधा घंटे तक रहे।
संत प्रेमानंद महाराज सुदामा कुटी आश्रम में चल रहे शताब्दी महोत्सव में शामिल होने के लिए सुदामा कुटी आश्रम पहुंचे। जहां उन्होंने श्री महंत सुतीक्ष्ण दास महाराज और मंहत अमर दास महाराज से मुलाकात की। इसके बाद वह कुंभ मेला स्थल पर चल रहे उत्सव में पहुंचे। जहां उन्होंने श्री राम महायज्ञ स्थल की परिक्रमा की।
सुदामा कुटी आश्रम पहुंचे संत प्रेमानंद महाराज ने वहां विराजमान भगवान कौशल किशोर भगवान के दर्शन करने के बाद आरती की। भगवान कौशल किशोर के दर्शन कर संत प्रेमानंद महाराज और उनके साथ आए शिष्य भाव विभोर हो गए। यहां श्री महंत सुतीक्ष्ण दास महाराज ने उनको उत्सव का प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित