भरतपुर , फरवरी 07 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर के बौंली थाना क्षेत्र में कोड्याई गांव में सोने चांदी के आभूषणों के लिये एक वृद्धा की नृशंस हत्या करने के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतका के पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने शनिवार को बताया कि ढाई किलो चांदी के कड़े और गले में पहने चार तोला सोने के आभूषणों के लिए 75 वर्षीया कमला देवी मीणा की हत्या के उसके पड़ोसी रामलाल जोगी ने ही की थी। उन्होंने बताया कि वारदात के दिन से ही रामलाल पुलिस की नजरों में था। कमला देवी के परिवार के करीबी होने के बावजूद उसके अंतिम संस्कार में भी वह शामिल नहीं हुआ।

श्री कुमार ने बताया कि पूछताछ में रामलाल ने बताया कि उसने कमला देवी के बेटे से ढाई लाख रुपए का कर्ज ले रखा था जिसे चुकाने के लिए उसने कमला देवी की हत्या करके आभूषण लूटने की योजना बनाई थी। इसके लिए उसने खेत में कुल्हाड़ी भी छिपा रखी थी। आरोपी ने पहले मृतका के साथ बीड़ी पी, इसके बाद मौका पाकर सिर पर कुल्हाड़ी से वार करके मृतका के बेहोश होने के बाद कुल्हाड़ी से उसके पैर काटे और भाग निकला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित