मथुरा , अप्रैल 10 -- उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के वृंदावन में शुक्रवार को यमुना नदी में एक दर्दनाक हादसे में श्रद्धालुओं से भरी मोटरबोट के पलट जाने से 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य की तलाश की जा रही है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह हादसा केसी घाट और बंशीवट के बीच उस समय हुआ, जब मोटरबोट पांटून पुल से टकराकर असंतुलित हो गई और पलट गई। नाव में सवार श्रद्धालु पंजाब और हरियाणा से वृंदावन दर्शन के लिए आए थे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुल के पास पहुंचते ही नाव लहराने लगी और खंभे से टकरा गई, जिससे सभी यात्री यमुना में गिर गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय गोताखोरों, पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अब तक 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि पांच लोगों की तलाश जारी है।

इस हादसे में मरने वालों में आशा रानी, पिंकी, कविता, मीनू बंसल, अंजू, चरणजीत, राकेश गुलाटी, मधुर बहल, इशान कटारिया और सपना शामिल हैं। सभी मृतक लुधियाना और हिसार क्षेत्र के बताए गए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और डीआईजी शैलेष पांडेय मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन ने परिजनों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। इस हादसे ने जल परिवहन में सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित